बदायूँ: एआरटीओ कार्यालय में अफसर और स्टाफ मिला नदारद।
बदायूँ: चिकित्सालय के निरीक्षण के बाद नोडल अधिकारी का अमला औचक रूप से एआरटीओ कार्यालय पहुँचा तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। एआरटीओ प्रवर्तन सुहैल एवं प्रशासन एनसी शर्मा के साथ ही लिपिक सतेन्द्र कुमार के अलावा चार लिपिक वर्गीय कर्मचारी अनुपस्थित मिले। हालांकि बाद में अफसर के पहुँचने के बाद आदित्य वर्मा और राजकुमार कार्यालय पहुँचे। लिपिक रवि प्रताप सिंह एवं केसी जोशी के उपस्थित न होने के कारण उनके पटल भी बंद थे, इसलिए उनके कार्यों की समीक्षा नहीं हो सकी। मुद्रित लाइसेंस को सम्बंधित आवेदक के यहां भेजने का कार्य लिपिक राजकुमार देख रहे हैं। नोडल अधिकारी के कहने पर डीएम ने अभिलेखों का निरीक्षण किया तो उसमें भी हेराफेरी पाई गई। आयुक्त ने इन व्यवस्थाओं पर कड़ी अप्रसन्नता जताई। सभी दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अधिकारियों का काफिला देखकर कुछ लोग पीछे की ओर भाग गए। अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह लोग लाइसेंस बनवाने के काम में दलाली करने वाले ही हो सकते हैं। लगभग एक घंटा अधिकारियों के रुकने के बावजूद भी दोनों अफसर एवं लिपिक रवि प्रताप सिंह तथा केसी जोशी कार्यालय नहीं पहुँच सके। निरीक्षण अवसर पर एडीएम प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार सिंह, सीएमओ आशाराम सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।