बदायूँ: किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा अवश्य कराएं।
बदायूँः किसान फसल का बीमा करा कर होने वाली हानियों से बचे। विद्युत विभाग किसानो को समय से सिंचाई के लिए विद्युत कनेक्शन दें। विद्युतीकरण किए गए गांव में बोर्ड लगाकर क्षेत्रीय विधायकों के माध्यम से नारियल तोड़कर उद्घाटन कराएं।

शुक्रवार को भारत सरकार की केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा राज ने उझानी कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होने किसानों से वार्तालाप तथा किसानों की समस्याएं सुनी। कृषि विज्ञान केंद्र में संचालित योजनाओं की जानकारी ली। मधुमक्खी पालन, मछली पालन, वेस्ट मैनेजमेंट, मिट्टी परीक्षण एवं अन्य कार्यक्रम जो संचालित होते हैं उसके बारे में गहराई से जानकारी ली गई। उन्होने 21 किसानों को कृषि विभाग के माध्यम से मिनी किट जिसमें उर्द, मूंग, तिल का वितरण किया। उन्होने कहा कि भारत सरकार का सपना किसानों की आय सन् 2022 तक दोगुनी करनी है। किसानों को तकनीकी खेती करके कम लागत में ज्यादा उपज कराकर उनकी आय दोगुनी करनी है। किसानों को निर्धारित दरों पर समय से निर्धारित दरों पर समय से खाद बीज दवाएं अधिकृत संबंधित आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा अवश्य कराए उनकी फसल को दैवीय आपदा हानि होने पर बीमा कंपनी भुगतान करेगी। किसानों को फसल बोने से मंडी तक ले जाने में नुकसान होता है, तो बीमा भरपाई अवश्य की जाएगी। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि किसानों को ट्यूबैल कनेक्शन लेने के लिए इधर उधर भटकना न पड़े। विद्युत कनेक्शन समय से किसानों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि हाल में विद्युतीकरण किए गए गांवों में विद्युत विभाग के अधिकारी क्षेत्रीय विधायक ले जाकर एवं बोर्ड लगाकर नारियल तोड़कर उद्घाटन कराएं। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने का भुगतान मिल मालिक के खाते के बजाय अब सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा। इस अवसर पर सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य एवं जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।