बदायूँ: गंगा दशहरा के पावन पर्व पर कछला में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। (अंजार अहमद की रिपोर्ट)
बदायूँ: गंगा दशहरा के पावन पर्व पर कछला में श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जय घोष के साथ श्रद्धा और भक्ति की डुबकी लगाई। मुख्य मार्गों पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान करने पहुच भक्तों के लिए शरबत और पूड़ी सब्जी का खासा इंतजाम किया।
गंगा दशहरा के पावन पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह दिखा। लोग शाम को ही कछला गंगा तट पर पहुच गए और रात्रि विश्राम किया। श्रद्धालुओं ने भोर में ही हर हर गंगे के जयघोष के साथ स्नान करना शुरू कर दिया। सूर्य भगवान को अघ्र्यदान किया और प्रसाद चढ़ाया। श्रद्धालुओं मां भागीरथी के प्रति की अटूट आस्था देखने को मिली। स्नान से पूर्व लोगों ने साफ-सफाई का ध्यान रखा और गंदगी करने वालों को जागरूक भी किया।
भक्तों ने गंगा तट पर कन्याओं को दही-जलेबी, मिष्ठान और पूड़ी-सब्जी खिलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धावान लोगों ने गरीब असहाय और बेसहारा लोगों को खिचड़ी, वस्त्र और अन्य वस्तुएं दान कीं। बच्चों ने चाट पकौड़ी, जलेबी, खजला और आईस्क्रीम का जमकर आनंद लिया। महिलाओं ने मीना बाजार से श्रंगार प्रसाधन का खूब सामान खरीदा। बच्चों ने गुड़िया, बंदूक, एक पहिया गाड़ी, माला, कंगन आदि खरीदे।
पुलिस और पीएसी के जवानों ने गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं पर नाव, वोटो से खासा नजर रखी। सावधानी से स्नान करने हिदायत दी गई। जाम से बचने के लिए बस, ट्रेक्टर ट्राली, टैंपू, कारों को राधे लाल इंटर कालेज के सामने खड़ा कराया गया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान करने पहुंचे भक्तों के लिए जगह-जगह शरबत वितरित किया। नगर पालिका की ओर से महिलाओं को स्नानघर बनाएं गए। बच्चों के मुंडन संस्कार भी हुए। दशहरे पर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं का दिनभर आना जाना लगा रहा।