बदायूँ: वृक्ष है तो जल है जल है तो कल हैः बी एल वर्मा 

बदायूँः  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य एवं जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज नगला पूर्वी से ऐतिहासिक प्रभात फेरी  निकालकर शहीद स्थल पर समापन किया।
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने पड़ौआ गांव के प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर बच्चों तथा गांव के लोगों को मिलाकर एक बहुत बड़ी मानव श्रंखला बनाकर एकता और स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी।
विकासखंड उझानी के ग्राम दहेमू की ग्राम सभा की जमीन पर मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री बी एल वर्मा की अध्यक्षता में वन विभाग द्वारा 20 हजार पेड़ों का वृक्षारोपण किया गया। बी एल वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर अपने जनपद को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने में सभी लोग योगदान करें। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार का सपना है कि ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करके स्वच्छ पर्यावरण बनाना है। उन्होंने कहा कि वृक्ष है तो जल है जल है तो कल है बिना पेड़ के जीवन संभव नहीं है। शासन की मंशा है कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए सभी लोग घरों, खेतों एवं कार्यालयों में अधिक से अधिक पौधारोपण अवश्य करें। पेड़ लगाने तक ही सीमित नहीं है पेड़ को बचाना उससे कहीं ज्यादा जिम्मेदारी है। जितने भी पेड़ लगाए जाएं उनको बचाया जरूर जाए। पेड़ लगाना देश हित का कार्य है सबकी जिम्मेदारी बनती है कि पेड़ अवश्य लगाएं। जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य ने कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस के पर्व पर उन बलिदानियों की याद में जो देश की आजादी के लिए अपनी जान गवा दी थी। उन शहीदों को नमन करते हैं। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि पेड़ों से ही जीवन जीना संभव है बिना पेड़ के जीवन संभव नहीं। प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि बिना किसी के कहे भी पेड़ अवश्य लगाए।
जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया पेड़ों की रक्षा के लिए 3 महीने तक मजदूर की व्यवस्था की गई। पेड़ के बिना जीवन संभव नही है जीवन के अंत पेड़ ही काम में आते हैं इसलिए सभी लोगों को पेड़ लगाना अति आवश्यक है।  जनपद में कराए गए वृक्षारोपण का सत्यापन 20 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कराएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी विभाग फर्जी वृक्षारोपण न करें। इस अवसर पर विधायक पंडित आर के शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर पारसनाथ, निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग ईशा तिवारी जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.