बदायूँ: ईद मीलादुन्नबी पर नहीं डालने दी जाएगी कोई नई परम्परा
बदायूँ : जिला मजिस्ट्रेट दिनेश कुमार सिंह ने ईद मीलादुन्नबी के त्यौहार पर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिम्मेदारी सम्बंधित नगर मजिस्ट्रेट तथा उप जिला मजिस्ट्रेट को सौंपी है। ईद मीलादुन्नबी का पर्व 21 नवम्बर को जुलूस निकालकर मनाया जाएगा।
सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में डीएम ने एसपी सिटी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) रामनिवास शर्मा सहित अन्य मजिस्ट्रेट के साथ ईद मीलादुन्नबी पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी मजिस्ट्रेट को निरन्तर भ्रमण करते हुए शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करें कि कोई भी नई परम्परा न पड़ने पाए और सभी जुलूस के मार्गां की जानकारी हो। आवश्कतानुसार असामाजिक तथा शरारती तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए। दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के प्रतिबंधां का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। जिला मजिस्ट्रेट ने सफाई तथा जलापूर्ति हेतु स्थानीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा विद्युत आपूर्ति विद्युत अभियंताओं को व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। ईद मीलादुन्नबी के जुलूस के दौरान अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन एवं एसपी सिटी तथा अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व एवं एसपी आरए निरंतर भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। सभी उप जिला मजिस्ट्रेट सम्बंधित सीओ के साथ ईद मीलादुन्नबी के जुलूस को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए उत्तरदायी होंगे।