बदायूँ: जीवन संवारने में लाभकारी हैं पुस्तकें : आयुक्त
बदायूँ : किताबे हमें ज्ञान देती हैं और उस ज्ञान को जीवन की परिस्थितियों में सही तरह से लागू करने के गुण भी सिखाती हैं। किताबें पढ़कर हम प्राचीन संस्कृति से अवगत भी होते हैं और भविष्य की रुपरेखा को भी समझ पाते हैं। इतना ही नहीं, वर्तमान समय में खुद को हर हाल में आगे बढ़ाने का हुनर भी किताबें हमें सिखाती हैं। ख़ुशी और गम में हरदम साथ निभाने वाली ये किताबें हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं।
बुधवार को कलेक्ट्रेट में स्थापित नवीन पुस्तकालय का जनपद के नोडल अधिकारी एवं मण्डलायुक्त बरेली मण्डल बरेली रणवीर प्रसाद ने जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त के साथ विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। नोडल अधिकारी ने कहा कि इस पुस्तकालय में जन उपयोगी साहित्य, समाचार पत्र पत्रिकाएं एवं अन्य सामान्य जानकारी की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय के प्रारंभ होने से नवीनतम जानकारी मिल सकेगी। अपनी पत्रावलियों को कानूनी प्रक्रिया में लाने के लिए अधिकारी एवं कर्मचारी समय-समय पर पुस्तकों का अध्यन करते रहें। उन्होंने पुस्तकालय के नियमित रूप से संचालन व रखरखाव करने के संबंध में निर्देशित किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का अवलोकन करते हुए और महत्वपूर्ण पुस्तकों की उपलब्धता कराने के निर्देश दिए हैं। पुस्तकालय में 200 पुस्तकें रखी गई हैं, जिन्हें सभी लोग सुबह 10 बजे से सांय 05 बजे तक पढ़ सकेंगे। डीएम ने कहा कि जीवन में पुस्तकों का बड़ा महत्व है। पुस्तकें जीवन को संवारती हैं। पुस्तकों में जीवन की हर समस्या का समाधान छिपा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें मित्र के समान हमारे विकास में सहायता करती हैं। अधिकतर ऐसे लोग हैं, जिन्हें सिस्टम के बारे में जानकारी नहीं है। उनका ज्ञानवर्धन करना बहुत ही कल्याणकारी कार्य है। इस दौरान सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने किताबों का अवलोकन किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेन्द्र बहादुर सिंह एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन राम निवास शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।