बाबा इंटरनेशनल स्कूल में विधिक साक्षरता कार्यक्रम
बिल्सी: विद्यार्थियों को संविधान के अंतर्गत मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों से अवगत कराने के उद्देश्य से आज बाबा इंटरनेशनल स्कूल में देवेन्द्र सिंह फौजदार, सीनियर जज, सेक्रेटरी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ, अशोक सैनी तहसीलदार, तहसील बिल्सी, अजहर अहमद अंसारी नायब तहसीलदार, मुनीश कुमार शर्मा राजस्व निरीक्षक, रूपक सक्सेना राजस्व निरीक्षक, गिरीश चंद अधिवक्ता की उपस्थिति में विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को विधि और कानून की शिक्षा दी गई।
श्री देवेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान विधि के शासन का अधिकार है। यह समस्त विधियों के शीर्ष का स्त्रोत है। भारत का नागरिक होने के नाते हमारे कुछ अधिकार हैं। साथ ही हमारा देश के प्रति कुछ कर्तव्य हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति सजग होना चाहिए और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
तहसीलदार अशोक सैनी ने विधिक साक्षरता कार्यक्रम के उद्देश्य एवं विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओ की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दिया। साथ ही यह भी बताया कि शासन द्वारा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क सुविधा भी प्रदान की जा रही है। किसी भी प्रकार की समस्या के लिये आप अपनी शिकायत थाने में दर्ज करा सकते है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधि एवं कानून से सम्बंधित जानकारी प्राप्त की। आयोजन से विद्यार्थियों में काफी उत्साह रहा।
इस अवसर पर डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि विधिक जागरूकता अथवा विधिक साक्षरता से आशय जनता को कानून से समब्न्धित सामान्य बातों से परिचित कराकर उनका सशक्तीकरण करना है विधिक जागरूकता से विधिक संस्कृति को बढ़ावा मिलता है, कानूनों के निर्माण में लोगों की भागीदारी बढ़ती है और कानून के शासन की स्थापना की दिशा में प्रगति होती है। बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाये और उनके संरक्षण के लिये विधिक साक्षरता शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी, शिक्षकगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशासक वी. पी. सिंह ने किया।