बिल्सी: कान्हा की बाल लीलाएं सुनकर कर भक्त हुए भावविभोर/नगला डल्लू में श्रीमदभागवत कथा का चौथा दिन
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव नगला डल्लू में शिव मंदिर पर चल रही श्रीमदभागवत कथा के चौथे दिन कथावाचक हरिओम शरण शास्त्री ने भगवान कृष्ण बाल लीला, माखन चोरी व गोवर्धन पूजा की कथा श्रद्धालुओं को सुनाई। उन्होंने कहा कि भगवान की अछ्वुत लीलाएं मानव जीवन के लिए प्रेरणा दायक हैं। भगवान कृष्ण ने बचपन में अनेक लीलाएं की। बाल कृष्ण सभी का मन मोह लिया करते थे। नटखट स्वभाव के चलते यशोदा मां के पास उनकी हर रोज शिकायत आती थी। मां उन्हें कहती थी कि प्रतिदिन तुम माखन चुरा के खाया करते हो तो वह तुरंत मुंह खोलकर मां को दिखा दिया करते थे कि मैंने माखन नहीं खाया। उन्होने कहा कि भगवान कृष्ण अपनी सखाओं और गोप-ग्वालों के साथ गोवर्धन पर्वत पर गए थे। वहां पर गोपिकाएं विभिन्न प्रकार के भोजन रखकर नाच गाने के साथ उत्सव मना रही है। कृष्ण के पूछने पर उन्होंने बताया कि आज के ही दिन व्रसासुर को मारने वाले तथा मेघ एवं देवों के स्वामी इंद्र का पूजन होता है। इससे प्रसन्न होकर इन्द्र ब्रज में वर्षा करते हैं। जिससे प्रचुर अन्न पैदा होता है। भगवान कृष्ण ने कहा कि इन्द्र में क्या शक्ति है। उनसे अधिक शक्तिशाली तो हमारा गोवर्धन पर्वत है। इसके कारण ही वर्षा होती है। हमें इंद्र से बलवान गोवर्धन की पूजा करनी चाहिए। कथावाचक ने कथा में अन्य प्रसंगों को सुनाया। इस मौके पर राजेश कश्पय, रामकिशोर श्रीवास्तव, राजू कोहली, योगेंद्र सिंह, दीपक शर्मा, नेमचंद्र शाक्य, दिनेश चंद्र शर्मा, नत्थू सिंह, राकेश प्रजापति, प्रेमपाल शाक्य, चमन, रक्षपाल सिंह, लखपत सिंह आदि मौजूद रहे।