बदायूँ: हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 71वां गणतंत्र दिवस, मुख्य अतिथि ने परेड की ली सलामी

बदायूँः  जनपद में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास तथा धूमधाम से मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। संविधान में उल्लिखित संकल्पो की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि नगर विकास राज्यमंत्री महेश चन्द्र गुप्ता ने पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड ग्राउंड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने संविधान में उल्लिखित संकल्पों को दोहराया। भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न समाजवादी पंथ निरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प लिया। बदायूँ क्लब में तथा अन्य स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया और पुराने जमाने की थ्री नॉट थ्री रायफलों को पुष्प माला पहनाकर हमेशा के लिए विदा किया गया।
पुलिस परेड ग्राउंड में महेश चन्द्र गुप्ता ने ध्वजारोहण किया और गुब्बारे उड़ाकर पुलिस परेड का शुभारंभ किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी के साथ पुलिस परेड का अवलोकन कर परेड की सलामी ली। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस की सभी को शुभकामनाएं। जिनकी वजह से आज हम जो गणतंत्र दिवस मना रहे हैं इसमें बहुत से क्रांतिकारियों की कुर्बानी शामिल है। बाबा साहब अम्बेड की इच्छा की तरह ही प्रधानमंत्री जी के मन में भाव है कि हर गरीब का पक्का मकान बने, शौचालय बने उसके घर में रोशनी हो, बिजली हो, गैस मिले। हर गरीब अपने पिता का इलाज अच्छे अस्पतालों में करा सके। इसके लिए उन्हें गोल्डन कार्ड की सुविधा दी गई है। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होने कहा कि हम भारत के लिए ही जिएंगे और भारत के लिए मरेंगे। नागरिकता संशोधन अधिनियम के माध्यम से मोदी जी ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के पीड़ित शरणार्थियों को भारत राहत देने का कार्य किया है। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूँ। मोदी जी और अमित शाह के सामने कोई चुनौती रुक नहीं सकती। मैं पुलिस के सभी जवानों को दिल से नमन करता हूँ, कि इन्होंने पत्थर खाते हुए सारी स्थिति को नियंत्रण कर लिया। इनके मन भाव सिर्फ देश की सेवा है। सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं, जिससे हमारा भारत विश्व गुरु बन जाए।
डीएम ने कहा कि विश्व का बड़ा लिखित संविधान हमारे देश भारत का है, जिसमें सभी धर्म के लोगों को एक सामान्य अधिकार प्राप्त है। देश की आजादी दिलाने में जो महान व्यक्ति फांसी पर चढ़ गए हैं उन्हें याद करना चाहिए। देश को आगे बढ़ाने में सभी लोगों को मिलकर कार्य करना होगा। सभी लोग संकल्प लेकर कार्य करें तो सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कर्तव्य पर ध्यान देकर अपनी-अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निर्वाह करके एक अच्छा जनपद बनाएं। उन्होंने कहा कि देश जब तक प्रगति नहीं करेगा, जब तक सब लोग मिलकर संविधान के बताए हुए मार्ग पर नहीं चलेंगे। देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि कानून का पालन करें, तभी देश में सुधार तथा प्रगति होगी।
मुख्य अतिथि ने परेड कराने वाले कमांडर्स तथा अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों तथा उनके अध्यापकों को भी सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *